अब मोबाइल पर तुरंत मिलेगी आपदा की चेतावनी, अमित शाह 2 मई को लॉन्च करेंगे नई प्रणाली

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 मई को देश में एक नई मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित रहेंगे।

दूरसंचार विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त सहयोग से विकसित यह प्रणाली आपदा से संबंधित जानकारी को तेजी, सटीकता और समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचाने में सक्षम होगी। इसका मुख्य उद्देश्य आपदा के समय लोगों को पहले से सतर्क करना है, ताकि संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

यह एकीकृत चेतावनी प्रणाली सी-डॉट द्वारा तैयार की गई है। इस तकनीक का उपयोग पहले भी चक्रवात और अन्य मौसम संबंधी परिस्थितियों के दौरान किया जा चुका है, जिसमें अरबों संदेश भेजकर लोगों को समय पर सतर्क किया गया था।

इस प्रणाली की विशेषता यह है कि यह 19 से अधिक भारतीय भाषाओं में चेतावनी संदेश भेजने में सक्षम है। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनकी अपनी भाषा में समय पर जानकारी मिल सकेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल देश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी तथा आपातकालीन स्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *