झाबुआ की छात्रा आयुषी दातला का इसरो ‘युविका’ कार्यक्रम में चयन, कलेक्टर ने किया सम्मान
मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले की छात्रा कु. आयुषी दातला का भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘युविका वैज्ञानिक कार्यक्रम’ में चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसत ने उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय थांदला की कक्षा 10वीं की छात्रा आयुषी का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के आधार पर हुआ है, जो जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि जिले की प्रतिभाएं राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
विद्यालय के प्राचार्य पी.सी. कानव के अनुसार, चयनित छात्रा 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र जाएगी। यहां उसे अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान और आधुनिक तकनीकों से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश के मेधावी विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में प्रारंभिक स्तर पर प्रोत्साहित करना है, जिससे वे भविष्य में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और सभी ने उसे बधाई दी है।


