जम्मू से श्रीनगर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की सीधी सेवा शुरू, कोच बढ़ाकर 20 किए गए
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस की विस्तारित सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इस विस्तार के तहत अब यह ट्रेन कटरा से आगे बढ़कर जम्मू तवी तक संचालित होगी, जिससे यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
रेलवे के अनुसार, बढ़ती मांग को देखते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस के कोचों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है। इससे ट्रेन की बैठने की क्षमता पहले के मुकाबले दोगुनी से अधिक हो जाएगी और खासकर तीर्थयात्रा एवं पर्यटन सीजन में यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी ने 6 जून 2025 को कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। शुरुआत से ही यह ट्रेन पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रही है और यात्रियों से इसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
इस अवसर पर रेल मंत्री उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना के अंतर्गत बने महत्वपूर्ण ढांचागत कार्यों का भी निरीक्षण करेंगे, जिनमें चिनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज शामिल हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस विस्तार से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन, व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्रीय विकास को भी मजबूती मिलेगी।


