मसूरी में संयुक्त नागरिक-सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में आयोजित 32वां संयुक्त नागरिक-सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 12 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में देशभर की विभिन्न सेवाओं और संस्थानों के 82 वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें महिला अधिकारी भी शामिल रहीं।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए गुरमीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए नागरिक प्रशासन और सशस्त्र बलों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि एकजुटता और तालमेल के माध्यम से ही भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि नागरिक-सैन्य समन्वय देश की शक्ति को बढ़ाता है और विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी अधिकारियों को बधाई दी और उन्हें अपने कार्य में समन्वय और संवाद को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।


