श्री नैना देवी मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त, 15 लोग घायल
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर से दर्शन कर दिल्ली लौट रहे श्रद्धालुओं की टेंपो ट्रैवलर बिलासपुर जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा कोलांवाला टोबा के पास संनटीना यात्री निवास के समीप हुआ, जहां वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में लगभग 15 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें 3 से 4 छोटे बच्चे भी शामिल थे। दुर्घटना में सभी श्रद्धालु घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की भी हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है और कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना कोट के प्रभारी हरनाम सिंह के नेतृत्व में पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। घायलों को वाहन से बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


