‘अल्पविराम टूल किट’ से जीवन में आनंद का संदेश, भोपाल में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान द्वारा तीन दिवसीय ‘आनंदम सहयोगी प्रशिक्षण’ का आयोजन क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केन्द्र, भदभदा-नीलबड़ में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। 27 से 29 अप्रैल तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को खुशहाल और संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था।
मध्य प्रदेश राज्य आनंद संस्थान अपनी स्थापना के दसवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और इस अवसर पर ‘अल्पविराम टूल किट’ के माध्यम से लोगों को जीवन में सकारात्मकता और आत्मसंवाद के जरिए आनंद का अनुभव कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक सत्य प्रकाश आर्य के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों को आनंद विभाग की कार्यप्रणाली और स्वयं से संवाद की प्रक्रिया के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण में प्रदेश भर से आए 60 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान मुकेश कारूवा, अजीत महतो, हितेंद्र बुधौलिया, अंजना श्रीवास्तव, नीलू शुक्ला, गजेंद्र सरकार और चंद्रकांत बोहरे ने विभिन्न प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से ‘अल्पविराम’ और ‘आनंद’ से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण से लोगों में मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और जीवन के प्रति संतुष्टि की भावना को बढ़ावा मिलेगा।


