राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला: कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में 2% इजाफा

जयपुर, 24 अप्रैल: राजस्थान सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के तहत अब महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। यह बढ़ोतरी सातवें वेतनमान के अंतर्गत लागू होगी और 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।

इस निर्णय से राज्य के लगभग 7.02 लाख कर्मचारी और 5.44 लाख पेंशनर्स, यानी कुल 12.46 लाख लाभार्थी सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इस वृद्धि का फायदा मिलेगा।

सरकार के अनुसार, कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान जून 2026 में मिलने वाले मई के वेतन के साथ किया जाएगा। वहीं, 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक की चार महीने की बकाया राशि कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि (GPF) खातों में जमा की जाएगी। दूसरी ओर, पेंशनरों को 1 जनवरी 2026 से बढ़ी हुई महंगाई राहत का नकद भुगतान किया जाएगा।

यह फैसला कर्मचारियों और पेंशनरों को बढ़ती महंगाई से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। हालांकि, इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर करीब 1156 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार पड़ेगा। इसके बावजूद सरकार ने इसे कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *