जौनपुर में भूसा दान अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, ‘पुण्य की एफडी’ से सम्मानित हो रहे दानदाता

जौनपुर में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और भरण-पोषण के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा भूसा दान अभियान तेजी से जनसमर्थन हासिल कर रहा है। जिलाधिकारी दिनेश चंद्र के नेतृत्व में इस पहल के तहत अब तक 10 हजार क्विंटल से अधिक भूसा एकत्र किया जा चुका है।

इस अभियान की खास बात यह है कि स्वेच्छा से भूसा दान करने वाले नागरिकों और किसानों को ‘पुण्य की एफडी’ नाम से प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जा रहा है। इससे लोगों में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिल रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की ओर से गोवंश के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, लेकिन समाज की भागीदारी से इस कार्य को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

इसी क्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अम्बष्ट ने 18 क्विंटल भूसा दान कर उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया।

प्रशासन ने नागरिकों से पशु-पक्षियों के लिए पानी और चारे की व्यवस्था करने की अपील भी की है, ताकि गर्मी के इस मौसम में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *