आरबीआई की बड़ी कार्रवाई: पेटीएम पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस रद्द, सभी बैंकिंग सेवाएं बंद
नई दिल्ली, 24 अप्रैल: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है। केंद्रीय बैंक का यह फैसला 24 अप्रैल 2026 को कारोबार बंद होने के साथ प्रभावी हो गया, जिसके बाद बैंक को अपनी सभी बैंकिंग गतिविधियां तत्काल बंद करनी होंगी।
आरबीआई के अनुसार, बैंक के संचालन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जो जमाकर्ताओं और सार्वजनिक हित के खिलाफ थीं। इसके साथ ही प्रबंधन से जुड़े मुद्दे और लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन भी सामने आए, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया।
केंद्रीय बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह बैंक को औपचारिक रूप से बंद करने की प्रक्रिया के तहत हाई कोर्ट का रुख करेगा। यह नियामकीय कार्रवाई आगे की कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा होगी।
हालांकि, आरबीआई ने जमाकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा है कि बैंक के पास पर्याप्त नकदी उपलब्ध है, जिससे सभी ग्राहकों का पैसा लौटाया जा सकेगा।
गौरतलब है कि आरबीआई ने पहले भी 2022 में इस बैंक पर नए ग्राहक जोड़ने पर रोक लगाई थी। इसके बाद 2024 में खातों में जमा, क्रेडिट ट्रांजैक्शन और वॉलेट टॉप-अप जैसी सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगा दिए गए थे। लगातार मिल रही अनियमितताओं के बाद आखिरकार आरबीआई ने यह निर्णायक कार्रवाई की है।


