रायबरेली में गंगा घाट पर हादसा: नहाने गए चार युवकों में तीन की डूबकर मौत, एक की हालत गंभीर

लखनऊ, 24 अप्रैल: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में गंगा नदी के एक घाट पर नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सरेनी थाना क्षेत्र के निसगर गंगा घाट पर गर्मी से राहत पाने गए चार युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीन युवकों की मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों की मदद से चारों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया। इनमें से एक युवक की सांसें चल रही थीं, जिसे तुरंत प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान हरिओम, हरिशंकर और सत्येंद्र के रूप में हुई है, जो रानीखेड़ा गांव के निवासी थे। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। रायबरेली की जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी या गहरे जलाशयों में नहाते समय सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *