बोकारो में JET 2026 परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र नहीं पहुंचने पर हंगामा, अभ्यर्थियों का विरोध
बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-9 स्थित पटेल स्कूल परीक्षा केंद्र में JET 2026 परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था सामने आई, जब एक सेट का 32 प्रश्नों वाला प्रश्नपत्र समय पर नहीं पहुंच सका। इस घटना से आक्रोशित अभ्यर्थियों ने केंद्र परिसर में जोरदार हंगामा किया और परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र की अनुपलब्धता के कारण उनका समय बर्बाद हुआ और परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हुई। कई अभ्यर्थियों ने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ शहर के विभिन्न थानों की पुलिस बल तैनात की गई। इसके अलावा सिटी डीएसपी और यातायात डीएसपी भी मौके पर मौजूद रहे, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
मौके पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। हालांकि, अभ्यर्थियों के विरोध के चलते कुछ समय के लिए परीक्षा केंद्र का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रशासन ने मीडिया कर्मियों की गतिविधियों पर भी रोक लगाने की कोशिश की और वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं करने दी गई। इस घटना ने परीक्षा प्रबंधन की पारदर्शिता और व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है और आगे की कार्रवाई को लेकर अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


