देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम : मंदिरों में गूंजे भजन, मथुरा में कड़े सुरक्षा इंतज़ाम
पूरे देशभर में आज जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों में भव्य सजावट, रोशनी और झांकियों से वातावरण भक्तिमय हो उठा है। भक्ति-भजनों की मधुर धुनों और श्रीकृष्ण की लीलाओं के स्मरण से श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं।
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में जन्माष्टमी का आयोजन हर बार की तरह इस बार भी विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान कृष्ण के दर्शन और जन्मोत्सव में शामिल हो रहे हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी और यातायात नियंत्रण जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
वहीं, राजस्थान के जयपुर स्थित गोविंद देव मंदिर में भी जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रांगण में झांकियों, भजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव को और भी भव्य बना दिया है।
देश के अन्य हिस्सों में भी जन्माष्टमी के पावन पर्व पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। कहीं माखन-चोरी और दही-हांडी की परंपरा निभाई जा रही है तो कहीं भक्तगण रात्रि के बारह बजे तक भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का इंतजार कर रहे हैं।
यह पावन अवसर भक्तों के जीवन में भक्ति, प्रेम और आनंद की नई अनुभूति लेकर आया है।

