नेपाल में हिंसक GenZ प्रदर्शनः अब तक 30 की मौत, 1,600 से अधिक घायल
नेपाल के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय के अनुसार, देशभर में जारी GenZ प्रदर्शनों में अब तक 30 लोगों की जान गई है और 1,600 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
नेपाल में चल रहे हिंसक GenZ प्रदर्शनों पर स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय ने ताज़ा आंकड़े जारी किए हैं। मंत्रालय ने बताया कि इन घटनाओं में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1,600 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. विकास देवकोटा ने जानकारी दी कि यह आंकड़े देशभर के 29 अस्पतालों से जुटाए गए हैं। अब तक 1,611 घायलों का इलाज किया गया है, जिनमें से 274 मरीज अभी भी भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है। इनमें से 56 मरीजों को गंभीर स्थिति के चलते अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। राहत की बात यह है कि 719 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
सबसे ज्यादा 436 घायलों का इलाज सिविल सर्वेंट्स अस्पताल में किया गया, जबकि 161 मरीजों का उपचार ट्रॉमा सेंटर और 109 का एवरेस्ट अस्पताल में हुआ।

