मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा—वे छत्तीसगढ़ के निर्माता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्री साय ने वाजपेयी जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ से गहरा लगाव था। उन्होंने प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा दिलाया। यही कारण है कि उन्हें राज्य का निर्माता माना जाता है। वाजपेयी जी केवल राजनेता ही नहीं बल्कि एक कुशल पत्रकार, प्रखर वक्ता और संवेदनशील कवि भी थे।
श्री साय ने याद दिलाया कि उनके प्रधानमंत्रित्व काल में कई ऐतिहासिक योजनाएँ लागू हुईं, जिनसे ग्रामीण भारत की दिशा और दशा बदल गई। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का विस्तार, किसानों के लिए कल्याणकारी पहल और आदिवासी विभाग का गठन जैसे कार्य आज भी मिसाल बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी जी एक ऐसे राजनेता थे, जिन्हें सभी दलों का स्नेह प्राप्त था और जिन्होंने राजनीति को राष्ट्रहित के साथ जोड़ा। वे युगपुरुष थे, जिन्होंने सुशासन का मंत्र दिया और आज छत्तीसगढ़ उन्हीं की प्रेरणा से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष को प्रदेश सरकार “अटल निर्माण वर्ष” के रूप में मना रही है और इसके अंतर्गत राज्यभर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्री साय ने कहा कि अटल जी की स्मृतियाँ और उनके विचार उन्हें निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

