सिवान में सड़क विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में एक की मौत, मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल
बिहार के सिवान जिले में एक मामूली सड़क विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें फायरिंग की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा के पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के परिवार से जुड़े चंदन कुमार सिंह और हर्ष सिंह एक पारिवारिक समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर साइड देने को लेकर हुए विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग कर दी।
इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान हर्ष सिंह की मृत्यु हो गई, जबकि चंदन कुमार सिंह को गंभीर हालत में बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी छोटू कुमार यादव को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी के लिए ले जाते समय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में कार्रवाई करते हुए उसे काबू में किया गया।
Puran Kumar Jha के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर यह कार्रवाई की। घायल आरोपी को उपचार के लिए पटना भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


