नेपाल में इज्तिमा के बाद भारत-नेपाल रक्सौल सीमा पर सुरक्षा कड़ी, एजेंसियां सतर्क

नेपाल में आयोजित तब्लीगी इज्तिमा के समापन के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रक्सौल और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नेपाल के बारा जिला में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भारत, नेपाल के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश से भी लोगों की भागीदारी हुई थी। इसी कारण सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित जोखिम को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

बताया जाता है कि बारा जिले के जीतपुर–सिमरा उपमहानगरपालिका अंतर्गत वरपुर बलुवा गांव में 25 से 27 अप्रैल तक तब्लीगी जमात का इज्तिमा आयोजित किया गया था। इस आयोजन के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया को भी सख्ती से लागू किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके।

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष बांग्लादेश और पाकिस्तान से तब्लीगी समूह नेपाल पहुंचते हैं और धार्मिक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार भी सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर चौकसी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *