बालाघाट के मलाजखंड में ‘कबाड़ से जुगाड़’ की अनूठी पहल, कचरा घर बना आकर्षक गार्डन और स्वच्छता का मॉडल

बालाघाट जिले की नगर पालिका परिषद मलाजखंड ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक अभिनव पहल करते हुए ‘कबाड़ से जुगाड़’ का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 की तैयारियों के तहत लोरा स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का स्वरूप पूरी तरह बदल दिया गया है।

नगर पालिका द्वारा अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग कर कचरा घर को एक आकर्षक गार्डन और जागरूकता केंद्र में परिवर्तित किया गया है। यहां पुराने टायर, लोहे के कबाड़ और प्लास्टिक सामग्री का उपयोग कर रंग-बिरंगे गमले, बैठने की व्यवस्था और सजावटी संरचनाएं तैयार की गई हैं, जो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।

इस पहल का उद्देश्य न केवल कचरे का प्रभावी प्रबंधन करना है, बल्कि लोगों को स्वच्छता और पुनर्चक्रण के प्रति जागरूक भी करना है। स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस तरह के नवाचार से आम नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी।

मलाजखंड की यह पहल स्वच्छता के क्षेत्र में एक मिसाल बनकर उभरी है और अन्य नगर निकायों के लिए प्रेरणा का स्रोत साबित हो रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस मॉडल को आगे और विकसित कर जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता अभियान को और सशक्त बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *